महाराष्ट्र चुनाव में जनमत की चोरी का जवाब देगी जनता: इमरान प्रतापगढ़ी

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी गठबंधन की जीत का दावा करते हुए कहा है कि जनता भाजपा को जनमत की चोरी के लिए सबक सिखाएगी।

Oct 16, 2024 - 07:06
महाराष्ट्र चुनाव में जनमत की चोरी का जवाब देगी जनता: इमरान प्रतापगढ़ी
महाराष्ट्र चुनाव में जनमत की चोरी का जवाब देगी जनता: इमरान प्रतापगढ़ी

नई दिल्ली : महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी गठबंधन की जीत का दावा करते हुए कहा है कि जनता भाजपा को जनमत की चोरी के लिए सबक सिखाएगी।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में जनता का जनमत अपमानित किया गया है और झारखंड में चुने हुए मुख्यमंत्री को बिना किसी उचित कारण जेल भेजा गया। ऐसे में जनता इस बार भाजपा को "वोट की चोट" से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। इमरान प्रतापगढ़ी ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस इस बार प्रभावी ढंग से चुनाव लड़ेगी और किसी भी प्रकार की धांधली को रोकने के लिए सतर्क रहेगी। उन्होंने चुनाव आयोग से पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की है।

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा, जबकि नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। झारखंड में दो चरणों में मतदान 13 और 20 नवंबर को होगा। इमरान ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग को कई सुझाव दिए हैं और उन्हें उम्मीद है कि उन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

इमरान प्रतापगढ़ी ने वायनाड उपचुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता चाहते हैं कि प्रियंका गांधी लोकसभा में राहुल गांधी के साथ मिलकर तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियंका गांधी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगी।