PM Modi France Visit: पीएम मोदी और मैक्रों ने किया 'भारत इनोवेट्स 2026' का उद्घाटन, बोले- Innovation भारत के DNA में है
फ्रांस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ 'भारत इनोवेट्स 2026' कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि इनोवेशन भारत के DNA का हिस्सा है और देश अब केवल तकनीक अपनाने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को तकनीक देने वाला राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने 'AI for All' को भारत के डिजिटल विजन का केंद्र बताया।
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों दो देशों की यात्रा पर हैं। फ्रांस पहुंचने के बाद उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मिलकर 'भारत इनोवेट्स 2026' (Bharat Innovates 2026) नामक तीन दिवसीय इनोवेशन कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। इस मंच पर भारत, फ्रांस और दुनिया के कई अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप, इनोवेटर और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ जुटे हैं।
पीएम मोदी की फ्रांस और स्लोवाकिया यात्रा के बीच आयोजित यह कार्यक्रम दोनों देशों के मजबूत होते रणनीतिक और तकनीकी संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।
भारत-फ्रांस संबंधों को बताया बेहद खास
फ्रांस के नीस शहर में आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और फ्रांस के रिश्तों को विशेष बताते हुए कहा कि कुछ साझेदारियां केवल हितों पर आधारित नहीं होतीं, बल्कि साझा दृष्टिकोण और आपसी विश्वास पर टिकी होती हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच इनोवेशन, प्रेरणा और साझा मूल्यों पर आधारित सहयोग अब एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मौजूदगी ने इस आयोजन को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया।
'Innovation भारत के DNA में है'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नवाचार यानी इनोवेशन भारत की पहचान का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से भारत ने अपनी सोच और खोज के माध्यम से दुनिया को नई दिशा दिखाई है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत केवल दूसरी देशों की तकनीक का उपयोग करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अब वह दुनिया को तकनीक और समाधान उपलब्ध कराने की क्षमता रखता है। उन्होंने इसे देश के लिए एक ऐतिहासिक बदलाव बताया।
'AI For All' है भारत का डिजिटल विजन
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ऐसी तकनीक विकसित करना चाहता है, जो भरोसेमंद, समावेशी और सभी के लिए उपयोगी हो। उन्होंने 'AI For All' यानी सभी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को भारत के डिजिटल विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा कि तकनीक का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए और इसका उपयोग केवल सीमित लोगों तक नहीं रहना चाहिए।
I’m grateful to my friend, President Macron for taking part in ‘Bharat Innovation.’ He shared valuable points during his speech earlier today. India and France will keep working closely when it comes to tech and innovation.@EmmanuelMacron @BharatInnov2026 pic.twitter.com/bztNq0c2uM — Narendra Modi (@narendramodi) June 14, 2026
दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स के साथ आगे बढ़ रहा भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं। ये स्टार्टअप न केवल भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत अब केवल चुनौतियों का सामना करने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया के लिए समाधान तैयार करने वाला राष्ट्र बन चुका है।
वैश्विक मंच पर बढ़ रही भारत की भूमिका
फ्रांस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 से 15 जून 2026 तक स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन (G7 Summit 2026) में भी हिस्सा लेंगे। इसे वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका और प्रभाव का संकेत माना जा रहा है।
भारत-फ्रांस साझेदारी को मिलेगी नई दिशा
विशेषज्ञों का मानना है कि 'भारत इनोवेट्स 2026' जैसे मंच दोनों देशों के बीच तकनीक, स्टार्टअप और निवेश के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करेंगे। इससे भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में उभरती पहचान से भी जोड़कर देखा जा रहा है।